विस्तार
उत्तर प्रदेश में लखनऊ के बाद दूसरा स्वच्छ शहर आगरा बन गया है। आगरा को 4,391 प्वाइंट मिले हैं। जयपुर, दिल्ली, नागपुर, जबलपुर, प्रयागराज जैसे शहर सफाई में आगरा से पीछे हैं। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए स्वच्छता सर्वेक्षण के पांचवें संस्करण ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2020’ के परिणामों की घोषणा की।
देश के 4242 शहरों के बीच आगरा को 16वीं रैंक मिली है। आगरा ने तीसरी तिमाही में सफाई में अच्छा प्रदर्शन किया। आगरा नगर निगम ने इस सर्वेक्षण में टॉप 20 में आने का लक्ष्य रखा था, जिसे हासिल भी किया।
चार साल में 263 से टॉप 20 में आया आगरा
चार सालों में सफाई में आगरा ने काफी सुधार किया है। साल 2017 के स्वच्छता सर्वेक्षण में आगरा की रैंकिंग 263 थी, लेकिन 2018 में 102 और 2019 में 86वां स्थान प्राप्त किया। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में आगरा ने टॉप 20 में आने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
इस साल जनवरी में स्वच्छता सर्वेक्षण के तीसरे हिस्से में आगरा को 24वां स्थान मिला था। उसके बाद से भी आगरा ने अपनी स्थिति में लगातार सुधार किया और अंतिम सूची जारी होने पर आगरा 16वें स्थान पर आ गया।