श्योपुर। (नईदुनिया प्रतिनिधि) किसान आंदोलन के समर्थन में शनिवार को सड़कों पर उतरे जिले के किसानों ने श्योपुर-बडौदा हाईवे पर चंद्रपुरा गांव के पास स्थित टोल प्लाजा पर जमकर प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, फिर टोल के बगल में बैठकर सांकेतिक धरना देकर टोल को करीब 04 घंटे तक बंद रखा। किसानों का यह प्रदर्शन दोपहर 11 बजे शुरु हुआ जो 03 बजे तक जारी रहा। इस दौरान उन्होंने यहां होकर गुजरने बाले वाहनों से टोल टेक्स नहीं वसूलने दिया। इससे टोल संचालक को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।

किसान स्वराज संगठन के जिला अध्यक्ष राधेश्याम मूंडला द्वारा बताया गया है कि, किसान नेताओं के द्वारा देश भर में टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। जिसके समर्थन में जिले के किसान शनिवार को टोल पर पहुंच गए, हालांकि, किसानों की संख्या बहुत ज्यादा नहीं थी लेकिन, प्रदर्शन के दौरान टोल पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इस दौरान सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन में क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल, जिला अध्यक्ष अतुल चौहान, वरिष्ठ नेता रितेश तोमर, संजीव कुशवाह, किसान स्वराज संगठन के जिला अध्यक्ष राधेश्याम मूंडला सहित कई किसान और कांग्रेसी मौके पर मौजूद रहे।

किसानों के लिए काला कानून है नया कृषि कानून: अतुल

कांग्रेस जिला अध्यक्ष अतुल चौहान ने टोल प्लाजा पर किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि, नया कृषि कानून किसानों के लिए काला कानून है। जिसे केंद्र सरकार को हर हालत में वापस लेना होगा, उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि, वह इस कानून के विरोध में डटकर खडे रहें, कांग्रेस नेता रीतेश तोमर ने भी कृषि कानून का जमकर विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर मनमानी करने के आरोप लगाए।

किसानों पर हुई एफआइआर के विरोध में किसानों का धरना 14 को

8 दिसंबर मंगलवार को किसानों के भारत बंद के दौरान दुकानदार से मारपीट के आरोपों के मामले में 06 नामजद सहित 07 किसानों पर हुई एफआइआर के विरोध में 14 दिसंबर को जिले के किसानों के द्वारा शहर के श्री हजारेश्वर पार्क पर एक दिवसीय धरना देकर कार्रवाई का विरोध किया जाएगा और मामला वापस लिए जाने की मांग जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से की जाएगी। जिसकी जानकारी किसान स्वराज संगठन के जिला अध्यक्ष राधेश्याम मूंडला ने दी है।

Posted By: Ajaykumar.rawat

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस